सामाजिक गतिविधियां

बीएसपी की नई लीज नीति से व्यापारियों को राहत, न्यायालयीन मामलों की आड़ में नहीं होगी कार्रवाई: ज्ञानचंद जैन

29120072026131226406200720261026081001603690.webp

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन और स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में टाउनशिप के व्यापारियों, संस्थाओं और नागरिकों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में बीएसपी अधिकारियों ने स्पष्ट आश्वासन दिया कि न्यायालय में लंबित प्रकरणों की आड़ में किसी भी दुकानदार, संस्था या लाइसेंसधारी को परेशान नहीं किया जाएगा और न ही किसी प्रकार का नोटिस जारी किया जाएगा, चाहे मामला जिला न्यायालय, हाईकोर्ट अथवा सुप्रीम कोर्ट में लंबित हो।
अधिकारियों ने बताया कि भिलाई इस्पात संयंत्र की नई लीज नीति जारी होने की तिथि से प्रभावी होगी तथा इसी नीति के अनुरूप सभी पात्रों को सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
बैठक में स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने टाउनशिप के व्यापारियों की ओर से कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने मूल प्रीमियम राशि के 25 प्रतिशत भुगतान के प्रावधान पर पुनर्विचार करने का आग्रह करते हुए इसे व्यापारियों के लिए अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि बीएसपी प्रबंधन ने सभी समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से करने का भरोसा दिया है।
बैठक में सीवरेज, सड़क, बिजली, कचरा उठाने, दुकानों की समस्याएं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, लाइसेंसधारियों तथा विभिन्न बाजार क्षेत्रों की परेशानियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रत्येक प्रतिनिधि को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया, जिस पर अधिकारियों ने सकारात्मक वातावरण में कार्य करने और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
ज्ञानचंद जैन ने कहा कि स्टील सिटी चैंबर व्यापारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और प्रभावित पक्षों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है तथा शहर के विकास और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए बीएसपी प्रबंधन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगा।
बैठक में बीएसपी अस्पताल से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। चैंबर की ओर से विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए एम्स के समकक्ष वेतनमान देने, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की नियमित भर्ती करने तथा अस्पताल सेवाओं में आउटसोर्सिंग से बचने की मांग रखी गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि बीएसपी अस्पताल शहर का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जहां बीएसपी कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में तृतीय पक्ष उपभोक्ता भी उपचार के लिए निर्भर हैं।
बैठक में गुरु घासीदास सतनाम भवन, गुजराती समाज, दिगंबर जैन समाज, मानव सेवा परिसर, फ्रंटियर भवन, भिलाई मस्जिद ट्रस्ट, सिंधु ब्रादर मंडल, भिलाई मलयालम ग्रंथशाला, पंजाबी भाईचारा, राधा स्वामी सत्संग समिति, केरला समाजम सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बीएसपी की ओर से मुख्य महाप्रबंधक शेखर श्रीनिवास सहित लीज, हाउस, सिविल इंजीनियरिंग, पीएचडी, विद्युत एवं एनफोर्समेंट विभाग के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के अंत में स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं को नई नीति में दी गई राहत के लिए भारतीय इस्पात प्राधिकरण (सेल), भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन, केंद्रीय मंत्री, दुर्ग सांसद तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी छोड़ें

Data has beed successfully submit

Related News

51721042026121433chatgptimageapr21,2026,04_58_45pm.png

Popular Post

This Week
This Month
All Time

स्वामी / संपादक : विवेक कुमार ताम्रकार

केन्द्रीय कर्मचारी नगर शिव मंदिर के पास
दुर्ग (छत्तीसगढ़) - 491001

मो.- 7772893123

Mail.- pbnewspe@gmail.com

Social Media

Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved

Powered By Global Infotech.