होम / सामाजिक गतिविधियां / शिवनाथ नदी इंटेकवेल के सब स्टेशन में तकनीकी खराबी, आज शाम दुर्ग की जलापूर्ति प्रभावित
सामाजिक गतिविधियां
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग के शिवनाथ नदी इंटेकवेल स्थित सब स्टेशन में तकनीकी खराबी आने के कारण बुधवार शाम नगर निगम क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। निगम प्रशासन ने बताया कि अत्यधिक नमी (मॉइश्चर) के कारण विद्युत पैनल में खराबी उत्पन्न हुई है, जिसे दूर करने के लिए विशेषज्ञों की टीम युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है।
नगर निगम के अनुसार विद्युत पैनल की मरम्मत एवं तकनीकी सुधार कार्य में लगभग 7 से 8 घंटे का समय लग सकता है। इस वजह से बुधवार शाम की जलापूर्ति बाधित रहेगी। निगम द्वारा लगातार सुधार कार्य कराया जा रहा है ताकि जलापूर्ति व्यवस्था जल्द से जल्द बहाल की जा सके।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि यदि मरम्मत कार्य निर्धारित समय में पूरा हो जाता है तो गुरुवार सुबह से शहर के सभी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पूर्ववत एवं सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी।
नगर निगम ने अस्थायी असुविधा के लिए नागरिकों से खेद व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया है कि जलापूर्ति व्यवस्था को शीघ्र बहाल करने के लिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी लगातार कार्य कर रहे हैं।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.