होम / टेक्नोलॉजी / सहकारी बैंक दुर्ग की संचालक मंडल एवं ऋण उप समिति की बैठक सम्पन्न, किसानों को 18 करोड़ से अधिक के ऋण स्वीकृत
टेक्नोलॉजी
दुर्ग। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन की अध्यक्षता में गुरुवार को बैंक के संचालक मंडल एवं ऋण उप समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में बैंक संचालन, किसानों को ऋण वितरण तथा विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपाध्यक्ष नरेश यदु, सहायक संचालक कृषि सुमन कुमार कोर्राम, सहायक पंजीयक सहकारिता कु. शिवांगी महार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.के. वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) एवं नाबार्ड के निर्देशों के अनुपालन, चार्टर्ड अकाउंटेंट की नियुक्ति तथा समिति प्रबंधकों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पंजीयक को प्रस्ताव भेजने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए।
बैठक में दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिले के अंतर्गत आने वाली 30 सहकारी समितियों के किसानों के लिए वर्ष 2026-27 से 2028-29 तक की पूरक साख सीमा के अंतर्गत 1,505 किसानों को 15.36 करोड़ रुपये के फसल ऋण स्वीकृत किए गए। इसके अलावा गन्ना उत्पादन के लिए 4 किसानों को 13.50 लाख रुपये, कपास उत्पादन के लिए 4 किसानों को 3.92 लाख रुपये तथा केला एवं पपीता जैसी उद्यानिकी फसलों के लिए 4 किसानों को 6.60 लाख रुपये का ऋण मंजूर किया गया।
हाइब्रिड टमाटर की खेती के लिए 20 किसानों को 31.23 लाख रुपये तथा मिर्च, अदरक, बैंगन, तरोई, करेला एवं लौकी जैसी उद्यानिकी फसलों के लिए 10 किसानों को 41.18 लाख रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए।
पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गौपालन के लिए 60 किसानों को 1.17 करोड़ रुपये तथा 59 किसानों को 1.10 करोड़ रुपये के नवीनीकरण ऋण स्वीकृत किए गए। वहीं गोल्डन क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 3 किसानों को 15 लाख रुपये, मध्यकालीन सामान्य ऋण योजना के अंतर्गत 5 किसानों को 23.70 लाख रुपये तथा 16 स्वयं सहायता समूहों को 15.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य पात्र हितग्राहियों को उनकी मांग के अनुसार अकृषि ऋण भी मंजूर किए गए।
बैठक में अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किसानों के बीच किया जाए, ताकि अधिक से अधिक कृषक बैंक के माध्यम से इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य पर्यवेक्षक कुसुम ठाकुर एवं अधीक्षक के.के. नायक सहित बैंक के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.