होम / दुर्ग - भिलाई / 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत ब्रह्माकुमारी संस्थान ने किया वृक्षारोपण
दुर्ग - भिलाई
दुर्ग। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, आनंद सरोवर बघेरा द्वारा 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत रविवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रिमझिम बारिश के बीच साधकों एवं श्रद्धालुओं ने कोटनी मार्ग और नेशनल हाईवे बाईपास को जोड़ने वाली नवनिर्मित सड़क के दोनों किनारों पर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान की मुख्य संचालिका ब्रह्माकुमारी रीटा दीदी ने कहा कि सुखी, समृद्ध और संतुलित जीवन के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। प्रकृति हमारी मां के समान है और पेड़ हमें स्वच्छ वायु, पोषण तथा सुरक्षा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते वायु प्रदूषण और वैश्विक तापमान में वृद्धि के कारण पर्यावरण असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो रही है, ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पेड़ लगाए।
उन्होंने बताया कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का शुभारंभ 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इसके बाद छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इस अभियान की शुरुआत कर लोगों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।
रीटा दीदी ने कहा कि जिस प्रकार मां अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार प्रकृति भी मानव जीवन का संरक्षण करती है। इसलिए अपनी मां के सम्मान और धरती माता की सुरक्षा के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी यशोदा बहन, ब्रह्माकुमारी चेतना बहन, माउंट आबू से पधारे ब्रह्माकुमार टोमन भाई तथा सेवानिवृत्त रेंजर अधिकारी नायडू सहित बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.