-गुरु ही समाज के पथप्रदर्शक, उनका सम्मान हमारी संस्कृति का प्रतीक : विधायक ललित चंद्राकर
दुर्ग ग्रामीण। ग्राम अंडा में श्री मानस सुधा परिवार के तत्वावधान में श्री रामकथा संगोष्ठी एवं वरिष्ठ गुरुजनों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम के श्रीचरणों में शीश नवाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने क्षेत्र के वरिष्ठ एवं आदरणीय गुरुजनों को श्रीफल, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गुरुजन समाज के सच्चे पथप्रदर्शक होते हैं। उनका सम्मान हमारी संस्कृति, संस्कार और कर्तव्य का प्रतीक है। गुरुजनों के स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही समाज सही दिशा में आगे बढ़ता है।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि वर्तमान समय में भी गुरु-शिष्य परंपरा को जीवित रखना हम सभी का दायित्व है। भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात कर हम एक सशक्त, संस्कारवान और आदर्श समाज का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कथा वाचकों ने श्रीराम कथा के माध्यम से मर्यादा, प्रेम, धर्म और सदाचार के महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजन में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ रामकथा का श्रवण किया।
विधायक ललित चंद्राकर ने क्षेत्रवासियों को पवित्र श्रावण मास की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में श्री मानस सुधा परिवार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर महेन्द्र पाण्डेय, क्रेता चंद्राकर, जयराम चंद्राकर, खनवार चंद्राकर, तिलक चंद्राकर, राजेन्द्र साहू, लक्ष्मीनारायण साहू, पूर्णिमा चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं श्रोतागण उपस्थित रहे।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.