होम / टेक्नोलॉजी / 24 घंटे में नवविवाहिता की हत्या का खुलासा, पति गिरफ्तार
टेक्नोलॉजी
घरेलू विवाद और चरित्र पर संदेह के चलते हत्या का आरोप, बीमारी बताकर अस्पताल ले गया था आरोपी
दुर्ग/धमधा। धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम अगर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते पति ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। घटना को छिपाने के उद्देश्य से आरोपी पत्नी को पूर्व बीमारी से मौत होने की बात बताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पति त्रिलोक खांडे (26), निवासी ग्राम अगर, थाना धमधा, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा से नवविवाहिता अन्नू खांडे, पति त्रिलोक खांडे की अज्ञात अवस्था में मृत्यु होने की सूचना थाना धमधा को मिली। नवविवाहिता की मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय दंडाधिकारी धमधा को सूचना दी गई। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के दौरान मृतिका के सिर पर चोट के निशान पाए गए।
इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सक द्वारा दी गई शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु को होमिसाइडल (हत्या जनित) बताया गया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच हत्या के कोण से शुरू की और मृतिका के परिजनों सहित संबंधित लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतिका और उसके पति के बीच घरेलू बातों को लेकर पूर्व से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर भी संदेह करता था। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि 21 फरवरी 2026 को दोनों तलाक लेने के संबंध में धमधा न्यायालय भी गए थे। इसके बाद मृतिका को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता के साथ मारपीट की घटना को लेकर थाना जामुल में रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच पति-पत्नी के बीच दोबारा विवाद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि विवाद के दौरान उसने खाट पर बैठी अन्नू खांडे के सिर पर हाथ-मुक्के से लगातार मारपीट की तथा गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वास्तविकता छिपाने के उद्देश्य से वह मृतिका को पूर्व बीमारी बताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्रिलोक खांडे को घटना में आरोपी पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई तथा उसे न्यायालय के समक्ष रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया। मामले में जप्त सामग्री का विवरण विवेचना के अनुसार दर्ज किया जा रहा है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद अथवा किसी भी प्रकार की हिंसा की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। किसी घटना को छिपाने या गलत जानकारी देकर वास्तविक तथ्यों को बदलने का प्रयास न करें। विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय वैधानिक माध्यम से पुलिस से सहायता एवं शिकायत दर्ज कराएं।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.