दुर्ग/भिलाई। क्रीड़ा भारती क्रीड़ा केंद्र खेलगांव खम्हरिया की प्रतिभाशाली खिलाड़ी रागिनी यादव ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। उनका चयन 21 से 24 सितम्बर तक जगदलपुर में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 17 वर्ष आयु वर्ग की 3000 मीटर पैदल चाल स्पर्धा के लिए किया गया है।
धनोरा निवासी रागिनी यादव ने बालोद में आयोजित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
मंत्री गजेंद्र यादव ने दी बधाई..
छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी कार्य विभाग के मंत्री गजेंद्र यादव ने रागिनी यादव को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह प्रदेश की उभरती हुई एथलीट हैं। मंत्री यादव ने उन्हें तत्काल ₹2000 नगद राशि प्रदान कर प्रोत्साहित किया और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर रागिनी के माता-पिता नीलकंठ यादव एवं श्रीमती अनिता यादव भावुक होकर मंत्री जी का आभार व्यक्त किया।
-स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों का सहयोग ..
रागिनी की प्रतिभा और समर्पण को देखते हुए ग्राम पंचायत धनोरा की सरपंच श्रीमती रुलेश्वरी बंजारे ने उन्हें प्रतियोगिता के लिए 2 जोड़ी जूते (कंपटीशन शूज एवं जॉगर शूज) प्रदान किए। वहीं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला धनोरा की प्रधान पाठक श्रीमती पुष्पा सिंह ने अपनी ओर से एक ट्रैकसूट भेंट किया।
ज्ञातव्य है कि रागिनी यादव पिछले पांच महीनों से खेलगांव खम्हरिया स्थित क्रीड़ा भारती क्रीड़ा केंद्र में मुख्य प्रशिक्षक एवं पीटीआई सेजस फरीदनगर बालकदास डहरे तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बी.आर. साहू के कुशल मार्गदर्शन में सुबह-शाम नियमित अभ्यास कर रही हैं। वर्तमान में वह शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला धनोरा की कक्षा सातवीं की छात्रा हैं।
-क्षेत्रभर से मिली शुभकामनाएं ..
रागिनी की उपलब्धि पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण ललित चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती राजेश्वरी चंद्राकर, भाजपा उतई मंडल अध्यक्ष श्रीमती शीतला ठाकुर, ग्राम पंचायत पुरई के उपसरपंच एवं सरपंच डोमार सिंह साहू, सांसद प्रतिनिधि छबी लाल साहू, ग्राम पंचायत खम्हरिया की सरपंच श्रीमती दुलारी देशलहरे सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उन्हें बधाई दी।
इसके अलावा उनके विद्यालय के शिक्षकों – आराधना ठोकने, विद्या रात्रे, आरती वर्मा, अजय साहू, माधवी, प्रेमलता गुप्ता, सुमन प्रधान, हिमांशु साहू सहित पूरे स्टाफ ने गर्व व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। सतनामी आश्रम दुर्ग के अध्यक्ष चंद्रशेखर बंजारे ने भी रागिनी को शुभकामनाएं दीं।
-क्षेत्र की नई प्रेरणा ..
रागिनी यादव की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार और ग्राम धनोरा का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे दुर्ग जिले में खुशी का वातावरण है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि निरंतर अभ्यास और उचित मार्गदर्शन से रागिनी आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.