होम / दुर्ग - भिलाई / तिहार सिर्फ दिखावा, जनता में आक्रोश; पानी, बिजली और स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल : धीरज बाकलीवाल
दुर्ग - भिलाई
दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने राज्य सरकार के "सुशासन तिहार" कार्यक्रम पर तीखा हमला बोलते हुए इसे जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाने वाला आयोजन बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार में जनता का आक्रोश और सरकार की विफलताएं खुलकर सामने आ रही हैं।
बाकलीवाल ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में पानी, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं समेत मूलभूत सुविधाओं की स्थिति खराब है, जबकि सरकार सुशासन का दावा कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान जनता ने अपनी समस्याओं को लेकर खुलकर नाराजगी जताई है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कवर्धा में सुशासन तिहार के दौरान सवाल पूछने और वीडियो बनाने पर पत्रकार के साथ कथित मारपीट एवं अभद्र व्यवहार की घटना सामने आई, जो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की आवाज दबाने का प्रयास है। वहीं बागबाहरा में एक महिला ने मुख्यमंत्री से महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की, लेकिन उसकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में किसानों ने खाद की कमी, सहकारी बैंक की कथित अवैध वसूली तथा धान खरीदी में भ्रष्टाचार को लेकर विरोध दर्ज कराया। वहीं कई स्थानों पर भाजपा के जनप्रतिनिधि स्वयं अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते नजर आए, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था की स्थिति उजागर होती है।
बाकलीवाल ने डोंगरगढ़ क्षेत्र के पलांदुर में आयोजित कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी मंच पर किसान पर चाकू से हमला होने की घटना प्रशासनिक विफलता को दर्शाती है। उन्होंने रायगढ़ में भी जनता द्वारा सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जताए जाने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि यह कैसा सुशासन है, जहां जनता अपनी समस्याओं को लेकर परेशान है, किसान संकट में हैं, पत्रकारों को डराया जा रहा है और कानून-व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं और आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
अंत में बाकलीवाल ने कहा कि सुशासन तिहार के नाम पर केवल प्रचार किया जा रहा है, जबकि जनता मूलभूत सुविधाओं और समस्याओं के समाधान की मांग कर रही है।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.