होम / टेक्नोलॉजी / महंगी बिजली, स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिलों के विरोध में कांग्रेस ने बिजली विभाग को सौंपा ज्ञापन
टेक्नोलॉजी
दुर्ग। शहर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ने सोमवार को महंगी बिजली, बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट (इलेक्ट्रॉनिक) मीटर लगाए जाने के विरोध में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग के कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर और बढ़ी हुई बिजली दरों के कारण आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है तथा सरकार को इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बिजली दरों में की गई वृद्धि तत्काल वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को दोबारा लागू करने की मांग की गई।
इस अवसर पर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई से परेशान है। ऐसे समय में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद मनमानी बिलिंग, पारदर्शिता की कमी और उपभोक्ताओं के शोषण की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों से जुड़े इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और आवश्यकता पड़ने पर चरणबद्ध आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने बिजली विभाग से तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी भी मांगी। इसमें दुर्ग शहर में अब तक लगाए गए स्मार्ट मीटरों की संख्या और स्थानों का विवरण सार्वजनिक करने, सभी उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग समान समयावधि में लेने तथा नए स्मार्ट मीटर लगाने से पहले संबंधित उपभोक्ताओं की सहमति ली गई है या नहीं, इसकी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। यदि सहमति नहीं ली गई है तो किस नियम के तहत मीटर लगाए जा रहे हैं, इसका भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और विद्युत विभाग ने शीघ्र जनहित में उचित निर्णय नहीं लिया तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रायसिंह दीकोला, अलताफ अहमद, प्रेमलता साहू, प्रवक्ता सुशील भारद्वाज, मनीष बघेल, निकिता मिलिंद, शकुन ढीमर, देव श्री साहू, देव सिन्हा, विजयंत पटेल, दुष्यंत देवांगन, नंदकिशोर शर्मा, आनंद कपूर ताम्रकार, पोषण साहू, दीपक जैन, चंद्रमोहन गभाने, मुकेश साहू, सुनीत घोष, संजय बत्रा, शिव वैष्णव, खुर्शीद अहमद, भीमसेन, अशोक मेहरा, दिव्यांश साहू, आयुष शर्मा, अली असगर, जमुना साहू और प्रीतम देशमुख सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.