होम / दुर्ग - भिलाई / बोरई हाई स्कूल में शाला प्रवेशोत्सव, 7 लाख रुपये के अतिरिक्त कक्ष का हुआ भूमिपूजन
दुर्ग - भिलाई
दुर्ग ग्रामीण। शासकीय हाई स्कूल बोरई में बुधवार को शाला प्रवेशोत्सव एवं अतिरिक्त कक्ष के भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) ललित चंद्राकर ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कक्षा पहली, छठवीं और नवमी में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को मिठाई खिलाई तथा पुस्तकें और स्कूल गणवेश वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने शाला परिसर में 7 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का विधि-विधान से भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं तथा प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त कक्ष के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिलेगा और शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। साथ ही शिक्षकों और शाला विकास समिति की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण का आधार बताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति प्रिया साहू, जनपद अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, सरपंच ओमेश्वर यादव, मंडल अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, जिला मंत्री गिरेश साहू, शाला विकास समिति अध्यक्ष परमानंद यादव, प्राचार्य दिनेशचंद्र रक्सेल, प्रधानपाठक दिनेश ताम्रकार सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, शाला विकास समिति के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.