होम / दुर्ग - भिलाई / विश्व नवकार महामंत्र दिवस देवकर में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया
दुर्ग - भिलाई
देवकर। नगर देवकर में जैन समाज द्वारा विश्व नवकार महामंत्र दिवस बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जैन भवन हॉल में प्रातः 08:01 बजे से 09:36 बजे तक सामूहिक महामंत्र नवकार जाप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिला मंडल, पुरुष वर्ग, युवा मंडल, बालक एवं बालिका वर्ग ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण पूर्णतः धार्मिक, शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
इस पुण्य अवसर पर आचार्य श्री 1008 श्री रामलाल जी म.सा. की सुशिष्या, शासन दीपिका महासती श्री सुप्रतिभा जी म.सा. एवं उनके साथ विराजित ठाणा तीन का सानिध्य जैन समाज को प्राप्त हुआ।
महामंत्र जाप के उपरांत महासती श्री सुप्रतिभा जी म.सा. ने अपने प्रेरक प्रवचन में नवकार महामंत्र की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि सच्चे मन से इस महामंत्र का जाप करने से अपार शक्ति, मानसिक शांति और समभाव की प्राप्ति होती है तथा जीवन की अनेक बाधाएं और विपत्तियां दूर होती हैं। उन्होंने कहा कि यह मंत्र अरिहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय एवं साधुओं की स्तुति का महान मंत्र है, जिसका नियमित जाप हर व्यक्ति को करना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर जैन श्री संघ के अध्यक्ष सुरेश बोरा एवं पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र बोरा द्वारा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रभावना वितरण किया गया।
इस प्रकार यह आयोजन देवकर में धार्मिक आस्था, अनुशासन और सामूहिक भक्ति का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.