रायपुर। राजधानी पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति (मीडिया सिटी) के संचालक मंडल की बैठक आज संपन्न हुई। बैठक में समिति के संचालन, कानूनी व्यवस्था, सदस्यता प्रक्रिया, भूमि संबंधी विषयों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद मोहन ठाकुर को समिति का विधिक सलाहकार नियुक्त किया जाएगा। उनके मार्गदर्शन में सदस्यों को सहकारिता अधिनियम, नियम एवं उपनियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि चूंकि राजधानी पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति को राज्य सरकार द्वारा रियायती दर पर भूमि आवंटित की गई है, इसलिए सहकारिता अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा।
संचालक मंडल ने स्पष्ट किया कि मीडिया सिटी में भूखंड प्राप्त करने के लिए संबंधित व्यक्ति का समिति का सदस्य होना आवश्यक है। इसके लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन और शपथ पत्र देना अनिवार्य होगा। शपथ पत्र में यह उल्लेख करना होगा कि परिवार (पत्नी, पुत्र एवं पुत्री सहित) के किसी सदस्य के नाम पर मीडिया सिटी में अन्य कोई भूखंड नहीं है। समिति के अनुसार एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति सदस्य बन सकता है तथा एक ही भूखंड का अधिकार प्राप्त कर सकता है। इसके विपरीत स्थिति में संबंधित रजिस्ट्री सहकारिता अधिनियम के तहत शून्य घोषित की जा सकती है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अप्रैल 2022 के बाद रजिस्ट्री कराने वाले सभी सदस्य कार्यालय उपयोग हेतु अपनी रजिस्ट्री, एनओसी, सदस्यता आवेदन तथा शपथ पत्र की प्रतियां 15 दिनों के भीतर गार्ड रूम में जमा कराएं। समिति ने स्पष्ट किया कि केवल रजिस्ट्री कराने से सदस्यता प्राप्त नहीं होती, बल्कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है।
संचालक मंडल ने मीडिया सिटी की भूमि की लीज वर्ष 2036 तक होने के कारण सभी भूखंडों को फ्री होल्ड कराने के लिए संबंधित मंत्रियों एवं अधिकारियों से संपर्क कर समाधान निकालने का निर्णय भी लिया।
मीडिया सिटी की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी संतोष साहू एवं कृष्णा गोस्वामी को, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था की जिम्मेदारी संतोष साहू को, बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी चंदन साहू एवं संतोष साहू को, कम्युनिटी हॉल व्यवस्था की जिम्मेदारी संजय शुक्ला एवं संजीव वर्मा को तथा शिवालय मंदिर व्यवस्था की जिम्मेदारी दानसिंह देवांगन एवं श्रीमती निवेदिता चक्रवर्ती को सौंपी गई।
इसके अतिरिक्त संचालक मंडल के विस्तार के तहत वरिष्ठ सदस्यों अशोक साहू, राजेश मिश्रा एवं भोलाराम सिन्हा को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में आय-व्यय, वार्षिक ऑडिट, रोकड़ बही एवं बैंक स्टेटमेंट की जानकारी भी संचालक मंडल के समक्ष प्रस्तुत की गई।
बैठक में समिति अध्यक्ष प्रेम पाठक सहित संचालक मंडल के सदस्य सुशील अग्रवाल, चंदन साहू, संजीव वर्मा, संजय शुक्ला, कृष्णा गोस्वामी, संतोष साहू, दानसिंह देवांगन एवं श्रीमती निवेदिता चक्रवर्ती उपस्थित रहे।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.