होम / दुर्ग - भिलाई / कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर भाजपा का पलटवार, माफी की मांग
दुर्ग - भिलाई
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उसे आपत्तिजनक और निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग देश की गरिमा और सर्वोच्च पद का अपमान है।
सुरेंद्र कौशिक ने अपने जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, आतंकवाद और नक्सलवाद पर नियंत्रण जैसे कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे नेता के खिलाफ अभद्र भाषा का उपयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी परिवारवाद, तुष्टीकरण और घमंड की राजनीति से ग्रस्त है। कौशिक ने कहा कि जब कांग्रेस विकास और जनहित के मुद्दों पर जवाब देने में असफल होती है, तब इस तरह की भाषा का सहारा लेती है, जो उसकी हताशा को दर्शाता है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने आगे कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी न केवल प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि देश की जनता के जनादेश का भी अनादर है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी को भी मर्यादित भाषा का उपयोग करने की नसीहत दी।
सुरेंद्र कौशिक ने मांग की कि कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन भाषा की मर्यादा और संवैधानिक पदों का सम्मान बनाए रखना आवश्यक है।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.