होम / दुर्ग - भिलाई / आयुक्त ने परामर्शदात्री समिति की बैठक में विभिन्न मांगों पर की चर्चा
दुर्ग - भिलाई
-कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण एवं नियमित भर्ती के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने पर जोर
-एनपीएस, वेतन वृद्धि एवं अवकाश संबंधी मुद्दों पर विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग के आयुक्त सुमित अग्रवाल के चेम्बर में आज स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के साथ परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा, महामंत्री अनिल सिंह सहित संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान ईश्वर वर्मा, शशिकांत यादव, शानू कोठारी, रेखा कुर्रे, हेमलता वर्मा एवं किरण अग्रवाल भी मौजूद रहे।
कर्मचारी संघ की ओर से बताया गया कि लगातार कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से निगम में कर्मचारियों की संख्या कम होती जा रही है, जिसके कारण कार्यरत कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए शासन को अवगत कराते हुए नियमित भर्ती हेतु प्रस्ताव भेजने की मांग रखी गई।
बैठक में कार्य समय पर पूर्ण नहीं होने के आधार पर वेतन एवं वार्षिक वेतन वृद्धि रोके जाने की कार्रवाई पर भी चर्चा हुई। कर्मचारी प्रतिनिधियों ने ऐसे आदेशों पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
इसके अलावा निगम परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, शासकीय अवकाश के दिनों में कार्य लेने की स्थिति में नियमानुसार वेतन अथवा प्रतिपूरक अवकाश प्रदान करने तथा तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मचारियों के स्थानांतरण संबंधी विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में एनपीएस के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों के परिवारों को मृत्यु की स्थिति में उपादान एवं परिवार पेंशन का लाभ समय पर उपलब्ध कराने, एनपीएस/जीपीएस की राशि नियमित रूप से जमा कराने तथा खातों के संधारण एवं जमा राशि की जानकारी शासन स्तर से प्राप्त करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने सभी विषयों पर आवश्यक परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की बात कही।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.