होम / दुर्ग - भिलाई / दुर्ग के उतई में मासूम के साथ हैवानियत, बोरे में बंद मिली 5 वर्षीय बच्ची
दुर्ग - भिलाई
दुर्ग,(मोरज देशमुख)। जिले के उतई थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 5 वर्षीय मासूम बच्ची कुएं के किनारे एक बोरे में बंद अवस्था में मिली। बच्ची का मुंह तकिया के कवर से बंधा हुआ था। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची दोपहर से अपने घर से लापता थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों की नजर एक खंडहर मकान के पास स्थित कुएं के किनारे पड़े एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी, जिसमें हलचल हो रही थी। शक होने पर जब ग्रामीणों ने बोरे को खोला तो सभी के होश उड़ गए—अंदर लापता बच्ची बंद मिली।
ग्रामीणों ने तत्काल बच्ची को बोरे से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। बच्ची के मुंह को तकिया कवर से कसकर बांधा गया था, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई थी। तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची डरी-सहमी हुई है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान बच्ची की एक चप्पल नाली में मिली, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है।
पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोग बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं, वहीं प्रशासन पर जल्द कार्रवाई का दबाव भी बढ़ता जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.