फ्लाईदुबई का दुबई से तेल अवीव जा रहा विमान FZ1073 बुधवार को अचानक इमरजेंसी लैंडिंग के लिए सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पहुंचा। विमान में 170 से ज्यादा यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान विमान में एक गंभीर घटना हुई, जिसके बाद पायलटों ने इमरजेंसी सिग्नल जारी किया और विमान का रुख सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया गया।
तबुक एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सुबह करीब 8:44 बजे विमान से इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिली। इसके बाद एयरपोर्ट पर जरूरी सुरक्षा और राहत व्यवस्था की गई। विमान ने सुरक्षित रूप से तबुक एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान के कप्तान और को-पायलट घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
फ्लाईदुबई ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और उनकी जानकारी दर्ज की गई है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, विमान के कॉकपिट में पायलटों के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान विमान ने अचानक ऊंचाई में तेज बदलाव किया और कुछ समय के लिए सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। घटना के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की मदद से विमान को सुरक्षित रूप से तबुक पहुंचाया गया।
घटना के बाद यात्रियों को तबुक एयरपोर्ट पर जरूरी सहायता दी गई। फ्लाईदुबई ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की। बाद में सभी यात्री दूसरे विमान से अपनी यात्रा के लिए रवाना हो गए।
इस घटना की जांच संबंधित अधिकारियों की ओर से की जा रही है। संयुक्त अरब अमीरात के नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने भी कहा है कि घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच जारी है। अधिकारियों ने लोगों से अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है। जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.