होम / दुर्ग - भिलाई / जैन मंदिर रोड के नाम परिवर्तन पर विवाद, सकल जैन समाज ने महापौर से नाम यथावत रखने की मांग की
दुर्ग - भिलाई
दुर्ग। ब्राह्मणपारा वार्ड क्रमांक 32 में कंकालिन मंदिर चौक से गांधी चौक तक जाने वाले जैन मंदिर रोड के नाम परिवर्तन को लेकर विवाद की स्थिति सामने आई है। मार्ग का नाम वरिष्ठ भाजपा नेता स्व. चैनसुख भट्टड़ के नाम पर किए जाने को लेकर नगर निगम में आवेदन दिए जाने के बाद मामला चर्चा में आया है।
सकल जैन समाज का कहना है कि इस मार्ग पर करीब 136 वर्ष पुराना ऐतिहासिक श्री दिगंबर जैन मंदिर (बड़ा जैन मंदिर) स्थित है और लंबे समय से यह मार्ग जैन मंदिर रोड के नाम से पहचाना जाता है। समाज ने नाम परिवर्तन का विरोध करते हुए इसे यथावत रखने की मांग की है।
इसी मांग को लेकर श्री दिगंबर जैन पंचायत दुर्ग एवं सकल जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर अलका बाघमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि जैन मंदिर रोड का नाम धार्मिक, ऐतिहासिक और सामाजिक पहचान से जुड़ा हुआ है।
पंचायत के महामंत्री संदीप लुहाड़िया ने बताया कि जैन मंदिर रोड का नाम गूगल मैप, मानचित्र और नगर निगम के वर्ष 1960 के अभिलेखों में भी दर्ज है। मार्ग के आसपास करीब 300 परिवार निवास करते हैं और अनेक लोगों के आधार कार्ड सहित विभिन्न सरकारी दस्तावेजों में यही पता दर्ज है। नाम परिवर्तन होने पर दस्तावेजों में संशोधन सहित स्थानीय लोगों को कई व्यवहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
समाज की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि स्व. चैनसुख भट्टड़ के सामाजिक एवं सार्वजनिक योगदान का सम्मान किया जाता है। उनके नाम पर शहर के किसी अन्य उपयुक्त स्थान का नामकरण किए जाने पर समाज को आपत्ति नहीं है। हालांकि जैन मंदिर रोड का नाम यथावत रखने की मांग प्रतिनिधियों ने दोहराई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान श्री दिगंबर जैन पंचायत एवं सकल जैन समाज के पदाधिकारी, महिला मंडल की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.