जशपुर में लोन दिलाने के नाम पर 1.93 लाख की ठगी, भिलाई से आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख रुपये का लोन दिलाने का दिया था झांसा
जशपुर। लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने भिलाई से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी को 10 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा दिया था और सिक्योरिटी मनी के नाम पर उससे 1 लाख 93 हजार रुपये वसूल लिए थे। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गया था। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस लगातार कर रही है।
फोन कर खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव थाना क्षेत्र के शांतिनगर, तिलडेगा निवासी गजानंद चौहान (36 वर्ष) को वर्ष 2025 में लोन की आवश्यकता थी। इसी दौरान भिलाई निवासी चंद्रमणि देवदास ने फोन कर खुद को सोमी फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड का कर्मचारी बताया। उसने प्रार्थी से कहा कि उसके लोन की फाइल कंपनी में आई है और 10 लाख रुपये का लोन प्राप्त करने के लिए सुरक्षा निधि जमा करनी होगी।
आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लोन दिलाने का भरोसा दिया और सिक्योरिटी मनी के नाम पर प्रार्थी से कुल 1 लाख 93 हजार रुपये प्राप्त कर लिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने लोन नहीं दिलाया और फरार हो गए।
बैंक खातों की जानकारी से पुलिस को मिला सुराग
धोखाधड़ी का एहसास होने पर प्रार्थी ने 3 अगस्त 2026 को थाना पत्थलगांव में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 163/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी के संबंधित बैंक से आवश्यक जानकारी जुटाई। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि मामले का एक आरोपी चंद्रमणि देवदास भिलाई में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम भिलाई रवाना हुई और आरोपी को हिरासत में लेकर पत्थलगांव पहुंची।
पूछताछ में अपराध स्वीकारने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने धोखाधड़ी में शामिल होना स्वीकार किया। उसने बताया कि अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर प्राप्त रकम को अपने घरेलू खर्चों में उपयोग किया था। अपराध में संलिप्तता सामने आने पर पत्थलगांव पुलिस ने 26 अक्टूबर 2026 को आरोपी चंद्रमणि देवदास (33 वर्ष), निवासी भिलाई-3, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
दो फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में संलिप्त अन्य दो आरोपियों की पहचान कर ली है। दोनों फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, प्रधान आरक्षक चंद्रविजय पैंकरा और आरक्षक देवसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.