होम / दुर्ग - भिलाई / दुर्ग में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पिकअप के गुप्त चेंबर से मिले 4 करोड़ रुपये, दो लोग हिरासत में
दुर्ग - भिलाई
खुर्सीपार में वाहन चेकिंग के दौरान मिली बड़ी नकदी, रायपुर से नागपुर ले जाई जा रही थी रकम; आयकर विभाग को दी जाएगी सूचना
दुर्ग/राहुल बारले:-छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खुर्सीपार पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर में नकदी छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, रकम के स्रोत और परिवहन के उद्देश्य की जांच की जा रही है।
पुलिस कार्यालय, जिला दुर्ग से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 में भारी मात्रा में नकदी लेकर रायपुर से नागपुर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डबरापारा, थाना खुर्सीपार के पास वाहन चेकिंग के दौरान रात करीब 11 बजे संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली।
जांच के दौरान पुलिस को वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया हुआ मिला। संदेह होने पर जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो उसके पिछले हिस्से में एक विशेष गुप्त चेंबर मिला। इसे खोलने पर अंदर छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, गुप्त चेंबर से कुल 4 करोड़ रुपये (₹4,00,00,000) बरामद किए गए हैं। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिनकी पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी (चालक) और विष्णुदेव दुबे के रूप में बताई गई है।
पुलिस दोनों व्यक्तियों से बरामद रकम के स्रोत, स्वामित्व और इसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी है। नकदी के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की गहन जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को संदिग्ध परिवहन और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है। हालांकि, बरामद नकदी के वास्तविक स्रोत और उसके परिवहन के उद्देश्य का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.