नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को नई दिल्ली में करीब 33,500 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें दिल्ली मेट्रो से जुड़ी करीब 18,300 करोड़ रुपये की परियोजनाएं भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे, जिससे राजधानी के कई इलाकों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
प्रधानमंत्री जिन दो मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे, उनमें 12.3 किलोमीटर लंबा मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर पिंक लाइन कॉरिडोर और करीब 9.9 किलोमीटर लंबा दीपाली चौक-मजलिस पार्क मैजेंटा लाइन कॉरिडोर शामिल है। इन दोनों कॉरिडोर से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क समेत कई क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो के फेज-5ए के तहत तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज कॉरिडोर शामिल हैं। इन तीनों कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 16 किलोमीटर है।

इन परियोजनाओं के साथ प्रधानमंत्री जनरल पूल रेजिडेंशियल एकोमोडेशन (GPRA) पुनर्विकास योजना के तहत करीब 15,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी में होने वाले इस पुनर्विकास से सरकारी कर्मचारियों के लिए 9,350 से अधिक आधुनिक आवास और करीब 48 लाख वर्गफीट कार्यालय क्षेत्र विकसित किया जाएगा।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य राजधानी में सार्वजनिक परिवहन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, यातायात कनेक्टिविटी बढ़ाना तथा लोगों के आवागमन को सुविधाजनक बनाना है।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.