होम / दुर्ग - भिलाई / गांधी जयंती पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और महापौर अलका बाघमार ने थामी झाड़ू, स्वच्छता अभियान का किया शुभारंभ
दुर्ग - भिलाई
दुर्ग। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। डिपरा पारा स्थित शास्त्री चौक में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव एवं महापौर अलका बाघमार ने स्वयं झाड़ू लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वच्छ एवं सुंदर दुर्ग के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, महापौर अलका बाघमार, सभापति श्याम शर्मा, आयुक्त लीना कोसम सहित जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, पदाधिकारियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शास्त्री चौक पहुंचकर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की और झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने महात्मा गांधी को नमन करते हुए कहा कि गांधी जी के विचार और सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान, जय किसान’ का स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नमन किया।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव एवं महापौर अलका बाघमार ने गांधी चौक एवं हिंदी भवन के पास महात्मा गांधी तथा शास्त्री चौक में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं नगर पालिक निगम दुर्ग परिसर में भी महात्मा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम में प्रीतपाल बेलचंदन, पूर्व विधायक अरुण वोरा, आयुक्त लीना कोसम, सभापति श्याम शर्मा, लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर, निलेश अग्रवाल, शिव नायक, पार्षद कुलेश्वर साहू, गुलाब वर्मा, रंजीता पाटिल, कमल देवांगन, आरएन वर्मा, शिवेंद्र परिहार, अजय तिवारी, जितेंद्र महोविया, अरुण सिंह, मनमोहन शर्मा, बंटी चौहान, महेंद्र, सुनील साहू सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.