होम / मनोरंजन / विजयादशमी पर शहर के प्रमुख दशहरा उत्सवों में शामिल हुए उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन….अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व है विजयादशमी : श्री देवांगन
मनोरंजन
कोरबा/स्वराज टुडे: विजयादशमी के पावन अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक श्री लखन लाल देवांगन शहर के विभिन्न प्रमुख दशहरा उत्सवों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों का स्मरण करते हुए नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मंत्री श्री देवांगन सबसे पहले एचटीपीपी दर्री के लाल मैदान में आयोजित विशाल दशहरा उत्सव में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने दर्री मेन रोड स्थित दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव में सहभागिता की। वे बुधवारी बस्ती, मुड़ापार बाजार और राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-1, निहारिका में आयोजित दशहरा उत्सवों में भी शामिल हुए। सभी आयोजन स्थलों पर उन्होंने नागरिकों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने दर्री मेन रोड दुर्गा पूजा समिति, बुधवारी दशहरा उत्सव समिति, मुड़ापार दशहरा उत्सव समिति और राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-1 की समिति को क्रमशः एक-एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की।
अपने उद्बोधन में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि विजयादशमी केवल भगवान श्रीराम की रावण पर विजय का पर्व नहीं, बल्कि सत्य, धर्म, न्याय और सदाचार की शक्ति का प्रतीक है। यह पर्व सिखाता है कि जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां आएं, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने वालों की अंततः विजय होती है।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और जनकल्याण का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी हमें परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं। विजयादशमी हमें अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, द्वेष और नकारात्मकता जैसी बुराइयों को त्यागकर अच्छाई एवं सदाचार अपनाने का संकल्प लेने का संदेश देती है।मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि त्योहार हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है और समाज में भाईचारा एवं सद्भाव मजबूत होता है।
उन्होंने समस्त कोरबा वासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही, नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलकर सशक्त, समृद्ध और संस्कारवान समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.