लखनऊ/स्वराज टुडे: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर 28 साल के करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला सुलझने के बजाय लगातार उलझता जा रहा है.
अब इस हाईप्रोफाइल मामले में शिवा और उनकी लिव इन पार्टनर मॉडल श्रद्धा दुबे के बीच हुई कथित WhatsApp चैट सामने आई है. ये चैट दोनों के बीच चल रहे तनावपूर्ण रिश्ते, श्रद्धा की भारी नाराजगी और शिवा की मानसिक परेशानियों की ओर इशारा करती है. पुलिस ने चैट के इन सबूतों को केस डायरी में शामिल कर लिया है और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है.
सामने आई कथित चैट के अनुसार, श्रद्धा दुबे और शिवा शर्मा के बीच रिश्ते में आई दूरी को लेकर तीखी बहस हो रही थी. चैट में श्रद्धा दुबे शिवा के बदले हुए व्यवहार को लेकर अपनी गहरी नाराजगी जाहिर करती दिखी. वो सवाल करती है कि पहले शिवा उसे दिन में बारबार फोन और मैसेज करता था, लेकिन अब उसकी तरफ से वैसा ध्यान और लगाव नहीं दिख रहा है.
बातचीत के दौरान श्रद्धा का गुस्सा इतना बढ़ जाता है कि वह चैट में शिवा के लिए अमर्यादित शब्दों और अपशब्दों का इस्तेमाल करती है. इतना ही नहीं, वह गुस्से में शिवा के साथ कुछ बहुत बुरा होने की बद्दुआ भी देती नजर आती है.
श्रद्धा के तीखे सवालों और गुस्से का जवाब देते हुए शिवा शर्मा अपने रिश्ते को बचाने की कोशिश करता दिखा. शिवा चैट में स्पष्ट करता है कि उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया है और न ही श्रद्धा के प्रति उसका प्यार कम हुआ है. शिवा बातचीत के दौरान अपनी कुछ निजी और व्यावसायिक परेशानियों का जिक्र करता है. जब श्रद्धा उससे पूछती है कि उसे आखिर क्या परेशानी है, तो शिवा अपनी परिस्थितियों की बेबसी जताता है. हालांकि, इस चैट में उन परेशानियों का पूरा ब्योरा स्पष्ट नहीं हो पाया है.
9 अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई थी. शिवा की मां रंजना शर्मा का आरोप है कि श्रद्धा दुबे ने ही उनके बेटे को चौथी मंजिल से धक्का देकर मार डाला है. मां का आरोप है कि श्रद्धा बड़े नेताओं और अधिकारियों के नाम लेकर शिवा को ब्लैकमेल करती थी और उसे झूठे मामलों में जेल भिजवाने की धमकियां देती थी. मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल समेत 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है.मेडिकल कॉलेज से फरार हुए आरोपी, पुलिस की कई ठिकानों पर दबिश
घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे और उसके साथी फरार चल रहे हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना के बाद शिवा को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया था, लेकिन जैसे ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया, सभी आरोपी आपस में संपर्क कर वहां से फरार हो गए.पुलिस टीमों ने सोमवार को श्रद्धा दुबे, ड्राइवर आमिर और दानिश के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा के नेपाल में होने के इनपुट मिले हैं. पुलिस उसके हर संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही है.
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.