सच्ची श्रद्धा केवल पूजा-पाठ और प्रार्थना तक सीमित नहीं रहती, बल्कि जब आस्था सेवा का रूप लेती है, तो उसका लाभ समाज को भी मिलता है। ग्राम बेलतरा के संजय प्रधान ने अपनी धार्मिक आस्था से प्रेरित होकर बरभाठा मार्ग स्थित बंधवा तालाब के शिव मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये की लागत से 400 मीटर लंबी सीसी सड़क बनवाई है। सीमित संसाधनों के बीच की गई उनकी यह पहल श्रद्धा, समर्पण और जनसेवा का उदाहरण है।।
भगवान भोलेनाथ के मंदिर तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिले, इसी उद्देश्य से संजय प्रधान ने सड़क निर्माण कराया। करीब 1.50 लाख रुपये की लागत से बनी इस सड़क से मंदिर तक आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। उनकी यह पहल बताती है कि सामाजिक उपयोग के कार्यों में व्यक्तिगत इच्छाशक्ति और सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
संजय प्रधान भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था को इस कार्य की प्रेरणा मानते हैं। उनका कहना है कि भगवान का आशीर्वाद उन पर और उनके पूरे परिवार पर बना रहे। भविष्य में दूसरे शिव मंदिर तक भी सीसी सड़क बनवाने की उनकी इच्छा है, ताकि वहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिल सके।
बंधवा तालाब के चबूतरे पर सात बहनियों की प्रतिमाएं विराजमान हैं, जिनके प्रति ग्रामीणों की गहरी आस्था है। नवरात्रि के अवसर पर यहां दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं। ऐसे में धार्मिक स्थल तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण स्थानीय श्रद्धालुओं की सुविधा से भी जुड़ा हुआ है।
संजय प्रधान का परिवार बेलतरा बाजार में पारंपरिक आलू गुंडा, मिर्ची और भजिया की दुकान के लिए भी जाना जाता है। बताया जाता है कि नाना के समय से चला आ रहा यह व्यवसाय पिछले 35 से 40 वर्षों से बाजार की पहचान का हिस्सा है। इसी व्यवसाय से जुड़े संजय प्रधान ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार धार्मिक स्थल तक सड़क बनवाने में योगदान दिया है।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.