Raigarh: लोकतंत्र बचाव, अराजकता हटाव को लेकर भाजपा की विशाल पदयात्रा 31 अक्टूबर को
सुबह 10 बजे सिंदूर पार्क में सभा, 11 बजे वित्त मंत्री ओपी चौधरी की मौजूदगी में निकलेगी पदयात्रा, हजारों भाजपा कार्यकर्ता होंगे शामिल
रायगढ़:- भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकतंत्र बचाव, अराजकता हटाव अभियान के तहत आगामी 31 अक्टूबर को रायगढ़ में विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी विशेष रूप से शामिल होंगे।पदयात्रा में जिलेभर से हजारों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे सिंदूर पार्क में सभा आयोजित होगी। सभा के पश्चात सुबह 11 बजे विशाल पदयात्रा प्रारंभ होगी। यह पदयात्रा सिल्वर पैलेस, मंदिर चौक,न्यू मार्केट,सुभाष चौक,हटरी चौक,हंडी चौक, घड़ी चौक,सत्तीगुड़ी चौक, सिविल लाइन,नटवर स्कूल एवं स्टेशन चौक होते हुए गांधी प्रतिमा चौक पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
कार्यक्रम के संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीकांत सोमावार ने कहा कि लोकतंत्र की मर्यादा,संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूकता और जनभागीदारी आवश्यक है।भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने जिले के समस्त भाजपा पदाधिकारियों,मंडल अध्यक्षों, मोर्चा-प्रकोष्ठों एवं कार्यकर्ताओं से 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सिंदूर पार्क पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अरुण धर दीवान ने कहा कि लोकतंत्र केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं,बल्कि जनता के अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का आधार है।लोकतंत्र बचाव, अराजकता हटाव अभियान के माध्यम से भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में आयोजित यह पदयात्रा संगठन की एकजुटता और सामूहिक सहभागिता का महत्वपूर्ण अवसर होगी।
वहीं भाजपा जिला महामंत्री श्री विकास केड़िया ने कहा कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संगठन स्तर पर व्यापक समन्वय किया जा रहा है। जिले के सभी मंडलों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी की उपस्थिति में आयोजित इस पदयात्रा में जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी,सांसद राधेश्याम राठिया,राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप,महापौर जीवर्धन चौहान और जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गभेल की उपस्थिति में होने वाली यात्रा में भाजपा नेताओं ने जिले के समस्त कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सिंदूर पार्क पहुंचकर सभा एवं पदयात्रा में सहभागी बनने की अपील की है।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.