Rewa police: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में चोरों के हौसलें अब इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने सीधे पुलिस महकमे को ही चुनौती दे डाली है। चोरहटा थाना क्षेत्र के चोरहटा निवासी और रीवा जोन के डीआईजी के गनमैन अशोक तिवारी के घर चोरों ने करीब 40 लाख रुपये की बड़ी चोरी को अंजाम दिया। इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू चोरों की बेखौफ अंदाज है। घर में घुसने के बाद चोरों ने पहले रसोई का रुख किया और वहां रखे पूड़ी-अचार को इत्मीनान से खाया। इसके बाद, घर के कमरों और अलमारियों के ताले तोड़कर इस सनसनीखेज चोरी को अंजाम दिया।
घटना के वक्त पीड़ित अशोक तिवारी और उनका पूरा परिवार घर के भीतर गहरी नींद में सो रहा था। चोरों ने इतनी शातिर और सफाई से कमरों के ताले तोड़े कि किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिवार के लोग जागे, तो अलमारियों के लॉकर टूटे पड़े थे और सारा सामान बिखरा हुआ था। रसोई में मिले जूठे बर्तन और खाए हुए नाश्ते के अवशेष चोरों की बेफिक्री की गवाही दे रहे थे।
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के तमाम कीमती जेवर और भारी मात्रा में नकदी समेट ले गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी जा रही है।
डीआईजी के गनमैन के घर हुई इस दुस्साहसिक चोरी की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में भूचाल आ गया। चोरहटा थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। इसके साथ ही, साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम को भी तुरंत तैनात किया गया। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। आला अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।
Copyright 2024-25 Public Bhadash - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.